रायगढ़। जिला मुख्यालय से करीब 13 किलोमीटर दूर केराझर के पास स्थित परसदा वाटर फॉल में इन दिनों बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। बरसात के मौसम में झरने की प्राकृतिक सुंदरता लोगों को आकर्षित कर रही है, लेकिन इसी बीच कुछ युवाओं द्वारा खतरनाक स्टंट किए जाने से हादसे की आशंका बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, कई युवा पथरीली और फिसलन भरी चट्टानों पर चढ़कर करीब 30 से 40 फीट ऊंचाई से गहरे झरने में छलांग लगा रहे हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण चट्टानों पर फिसलन बढ़ गई है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने भी इस तरह के जोखिम भरे स्टंट पर चिंता जताई है।
परसदा वाटर फॉल बरसात के दिनों में जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हो जाता है, जहां रोजाना सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। भीड़ बढ़ने के साथ सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी की आवश्यकता भी महसूस की जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष सुरक्षा कारणों को देखते हुए रायगढ़ पुलिस ने यहां झरने में नहाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया था। इसके बावजूद कुछ लोग नियमों की अनदेखी कर खतरनाक गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस से वाटर फॉल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने, चेतावनी बोर्ड लगाने तथा जोखिम भरे स्टंट करने वालों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
7
