चलती ट्रेन में महिला यात्री का मोबाइल चोरी, जीआरपी रायगढ़ में मामला दर्ज

by Kakajee News

 

रायगढ़। चलती ट्रेन में महिला यात्री का मोबाइल चोरी होने के मामले में जीआरपी थाना रायगढ़ में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। यह मामला जीआरपी थाना राउरकेला (ओडिशा) से प्राप्त अपराध डायरी के आधार पर कायम किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुंदरगढ़ (ओडिशा) निवासी रेशमा मुंडा (27 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह 26 जून 2026 को अपने मित्र रामनदीप के साथ ट्रेन नंबर 12833 हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के जनरल कोच में वडोदरा रेलवे स्टेशन से राउरकेला जाने के लिए सवार हुई थी। यात्रा के दौरान 27 जून की सुबह लगभग 4.15 बजे एक व्यक्ति कोच में टूथब्रश बेचने आया। रेशमा ने टूथब्रश खरीदने के लिए अपना पर्स खोला और अपना सफेद रंग का वीवो वाई-400 मोबाइल फोन सीट पर रख दिया।
टूथब्रश खरीदने के बाद जब उसने पीछे मुड़कर देखा तो उसका मोबाइल फोन गायब था। प्रार्थिया को संदेह है कि टूथब्रश बेचने वाले व्यक्ति ने ही उसका मोबाइल चोरी किया और रायगढ़ रेलवे स्टेशन में ट्रेन से उतर गया। इसके बाद ट्रेन आगे बढ़ गई और वह राउरकेला पहुंची, जहां उसने जीआरपी थाना राउरकेला में घटना की शिकायत दर्ज कराई।
सदर कार्यालय रेल रायपुर के आदेश के पालन में जीआरपी थाना राउरकेला से प्राप्त अपराध डायरी के आधार पर जीआरपी थाना रायगढ़ में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(सी) के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस द्वारा मोबाइल फोन की तलाश एवं आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Posts

Leave a Comment