कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा वन मंडल से एक दुखद और चिंताजनक घटना सामने आई है। करतला वन परिक्षेत्र के अंतर्गत जंगल में हाथी के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बड़मार निवासी जगेश्वर राठिया सोमवार सुबह किसी कार्य से जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उनका सामना एक जंगली हाथी से हो गया। अचानक हुए इस आमने-सामने के बाद हाथी ने ग्रामीण पर हमला कर दिया। हमले में जगेश्वर राठिया की मौके पर ही मौत हो गई।
कुछ समय बाद जब ग्रामीणों ने जंगल में खून से लथपथ शव देखा तो उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियां लगातार बनी हुई हैं। ऐसे में ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने और बिना आवश्यक कारण जंगल की ओर न जाने की अपील की गई है। विभाग द्वारा हाथियों की निगरानी बढाने के साथ-साथ प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि किसी अन्य अप्रिय घटना को रोका जा सके।
गौरतलब है कि कोरबा वन मंडल के कई इलाकों में इन दिनों हाथियों की मौजूदगी लगातार दर्ज की जा रही है। मानव-हाथी संघर्ष की बढ़ती घटनाएं वन विभाग के लिए भी बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं। विभाग ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगातार प्रयासरत है।
12
