आतंकी हमले में मारे गए छत्तीसगढ़ के दो लोगों के परिजनों को 20-20 लाख की सहायता, CM विष्णुदेव साय का ऐलान, कांग्रेस पार्टी को अपना चश्मा बदलने की दी सलाह

by Kakajee News

रायपुर। दिल्ली दौरे से लौटे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आतंकी हमले में राज्य के दो लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आतंकियों ने बेहद नृशंस तरीके से निर्दोष लोगों की हत्या की है। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
दिल्ली दौरे की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर पंडुम के विजेताओं का राष्ट्रपति द्वारा सम्मान किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नक्सल मुक्त बस्तर में चल रहे विकास कार्यों पर चर्चा हुई। उन्होंने बस्तर के विद्युतीकरण से जुड़े प्रस्ताव, आयुर्वेदिक एम्स की स्थापना और क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर मांग रखी, जिस पर प्रधानमंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि आने वाले समय में प्रधानमंत्री की मौजूदगी में “लखपति दीदी” सम्मेलन का आयोजन भी होगा।
महानदी जल विवाद पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा के मुख्यमंत्री और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री के साथ सार्थक बैठक हुई है। दोनों राज्यों के हितों को ध्यान में रखते हुए समाधान की दिशा में काम चल रहा है और अगले तीन महीनों में जल बंटवारे पर निर्णय होने की उम्मीद है।
रेल परियोजनाओं पर उन्होंने बताया कि कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इसके अलावा बस्तर में किरंदुल से बीजापुर तक रेल लाइन सहित अन्य परियोजनाओं पर भी रेल मंत्री से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 500 से अधिक मोबाइल टावरों की स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया गया। बस्तर के 400 से अधिक गांवों में बिजली पहुंचाने और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के विस्तार को लेकर भी केंद्रीय मंत्रियों से चर्चा हुई।
आतंकी हमले पर महबूबा मुफ्ती और फारूक अब्दुल्ला के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में रोजगार की कोई कमी नहीं है। विकसित भारत अभियान, श्रीराम जी परियोजनाओं और नई औद्योगिक नीति के माध्यम से रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में काम की कमी होने का दावा सही नहीं है।
वहीं, आतंकी हमले को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कांग्रेस को भाजपा और आरएसएस के हर मुद्दे में साजिश नजर आती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को अपना “चश्मा बदलने की जरूरत है।”

Related Posts

Leave a Comment