रायगढ़ में खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त बड़ी कार्रवाई, रेत के अवैध उत्खनन पर 6 वाहन जब्त

by Kakajee News

रायगढ़। जिले में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन पर लगाम लगाने के लिए खनिज विभाग और राजस्व विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दोनों विभागों की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 ट्रैक्टर, 1 हाईवा, 1 जेसीबी तथा 1 ट्रैक्टर-लोडर को जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार खरसिया एवं छाल तहसील के बरभौना और एडु गांव के संगम क्षेत्र के पास अवैध रूप से रेत का उत्खनन किया जा रहा था। शिकायत और निगरानी के आधार पर संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर कार्रवाई की। जांच के दौरान अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त वाहन पाए जाने पर उन्हें जब्त कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि बरभौना घाट पर इससे पहले भी खनिज विभाग द्वारा कार्रवाई की जा चुकी है, बावजूद इसके अवैध उत्खनन की गतिविधियां सामने आने पर विभाग ने सख्त रुख अपनाया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनन, उत्खनन और परिवहन को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आगामी दिनों में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

Leave a Comment