रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बीते 29 जुलाई की सुबह मां शिवा स्टील प्लांट में इंडक्शन फर्नेश के बॉयलिंग में झुलसे दो मजदूरों को राजधानी रायपुर के एक अस्पताल में इलाज के लिये भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान कल शाम दोनों की मौत हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा क्षेत्र में स्थित मां शिवा स्टील प्लांट में वहां कार्यरत मजदूर 29 जुलाई की सुबह रोजाना की भांति अपने-अपने काम में व्यस्त थे। इसी बीच अचानक इंडक्शन फर्नेश के बॉयलिंग में 5 मजदूरों प्रमोद सोनी, चौखट सिंह, शनि सिंह, चतुर यादव के अलावा गुड्डु यादव गंभीर रूप से झुलस गए थे। आनन-फानन में सभी को तत्काल रायगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां दो मजदूर प्रमोद सोनी 29 साल, एवं चौखट सिंह 62 साल, की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिये रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दौरान कल शाम दोनों की मौत हो गई है।
आपको बता दें कि इस घटना के बाद अगले दिन गुरूवार को औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम जांच के लिये पहुंची। जहां जांच के दौरान कुछ खामियां मिलने के बाद भट्ठी नंबर 3 को बंद कराते हुए प्लांट प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया था।
इस मामले में औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के उप संचालक राहुल पटेल ने बताया कि इस घटना में दो मजदूरों की मौत के बाद प्लांट प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है। आने वाले समय में श्रम न्यायालय में प्रकरण दर्ज किया जाएगा। साथ ही मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने संबंधी प्रक्रिया की जा रही है।
