रायगढ़ वन मंडल के घरघोड़ा रेंज अंतर्गत भेंगारी गांव में रविवार शाम उस समय लोगों की सांसें थम गईं, जब हाथियों का एक बड़ा दल सड़क पार करता नजर आया। हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोग सुरक्षित दूरी बनाकर खड़े रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथियों का दल जंगल से निकलकर सड़क पार कर दूसरे हिस्से की ओर बढ़ रहा था। इस दौरान वाहन चालकों ने सतर्कता बरतते हुए अपने वाहन रोक दिए, जिससे किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई। करीब कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा और सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लगी रही।
वन विभाग द्वारा लगातार क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। वहीं ग्रामीणों और राहगीरों से अपील की गई है कि हाथियों के दल के नजदीक जाने या उन्हें परेशान करने की कोशिश न करें तथा वन विभाग के निर्देशों का पालन करें।
गौरतलब है कि रायगढ़ वन मंडल के कई इलाकों में इन दिनों हाथियों की सक्रियता बढ़ी हुई है, जिससे ग्रामीणों में सतर्कता का माहौल बना हुआ है।
6
