बंद घर का ताला तोड़कर 72 हजार रुपये की चोरी, मोटरसाइकिल व जेवरात ले गए चोर

by Kakajee News

खरसिया। थाना क्षेत्र के ग्राम बगबुढवा में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के जेवरात तथा सीसीटीवी डीवीआर सहित कुल 72 हजार रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। मामले में खरसिया पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बगबुढवा निवासी संतोष कुमार साहू (32 वर्ष), पिता परसराम साहू, टेंट हाउस का कार्य करते हैं। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 24 जुलाई की शाम करीब 5 बजे वह अपने परिवार के साथ काम से ग्राम अड़भार गए थे। घर में अपनी फैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 BE 3863 खड़ी कर मकान में ताला लगाकर गए थे।

अगले दिन 25 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। घर के अंदर जाने पर आलमारी का लॉकर टूटा मिला तथा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर आलमारी में रखे करीब एक माशा सोना, चार जोड़ी चांदी की पायल, एक नग चांदी का कमरबंध, एक जोड़ी चांदी की बिछिया, दो जोड़ी बच्चों के चांदी के चूड़े, एक वर्ष पुरानी फैशन प्रो मोटरसाइकिल तथा घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर गायब मिला।
चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 72 हजार रुपये बताई गई है। पीड़ित ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन चोरी गए सामान का कोई पता नहीं चलने पर थाना खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने प्रार्थी के आवेदन के आधार पर अज्ञात चोर के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) एवं 305 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर आरोपियों की तलाश कर रही है।

Related Posts

Leave a Comment