राजिम मंडल में भाजपा महिला मोर्चा की बैठक संपन्न, सावन उत्सव की तैयारियों को लेकर बनी रणनीति

by Kakajee News

 

गरियाबंद। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा आयोजित किए जाने वाले सावन उत्सव को भव्य, सांस्कृतिक एवं प्रभावी स्वरूप देने के उद्देश्य से आज गरियाबंद जिले के राजिम मंडल में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी कार्यक्रम की रूपरेखा, आयोजन की तैयारियों, अतिथियों के चयन, कार्यक्रम के स्वरूप तथा महिला सहभागिता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने निर्णय लिया कि कार्यक्रम की तिथि एवं समय का अंतिम निर्धारण भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती विभा अवस्थी से चर्चा एवं मार्गदर्शन प्राप्त करने के उपरांत किया जाएगा, ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित, गरिमामय एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि सावन उत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं एवं महिलाओं की सामाजिक भागीदारी को सशक्त बनाने का माध्यम है। महिला मोर्चा द्वारा इस वर्ष छत्तीसगढ़ के सभी जिलों एवं मंडलों में उत्साह और उल्लास के साथ सावन उत्सव मनाने की तैयारी की जा रही है।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सावन का पावन महीना प्रकृति की हरियाली, आस्था, श्रद्धा और नवचेतना का प्रतीक है। इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए महिला मोर्चा विभिन्न सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन करेगा। इन आयोजनों के माध्यम से अधिक से अधिक महिलाओं को भाजपा की विचारधारा से जोड़ने, उन्हें सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सहभागी बनाने तथा सनातन एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन का संदेश दिया जाएगा।

महिला मोर्चा का उद्देश्य है कि इस अवसर पर पार्टी की कार्यकर्ताओं के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों की महिलाओं को भी एक मंच पर लाकर आपसी संवाद, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत किया जाए। सावन उत्सव महिलाओं में नए उत्साह, आत्मविश्वास और संगठनात्मक ऊर्जा का संचार करने का भी माध्यम बनेगा।

बैठक में विधायक रोहित साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष बिंदु सिन्हा, भारती साहू, रेखा सोनकर, माधुरी साहू, तनू मिश्रा, मंडल अध्यक्ष सहित भाजपा महिला मोर्चा की जिला एवं मंडल की समस्त पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

Related Posts

Leave a Comment