सूरजपुर: जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक जीवित महिला को कागजों में मृत बताकर उसकी जमीन का नामांतरण और रजिस्ट्री कराने का आरोप लगा है. इस मामले में झिलमिली पुलिस ने तत्कालीन तहसीलदार, तत्कालीन पटवारी सहित चार लोगों के खिलाफ बीएनएस की कई धाराओं के तहत अपराध भी दर्ज कर लिया है. मामला झिलमिली थाना क्षेत्र के ग्राम करकोटी की जमीन से जुड़ा हुआ है.
मृत्यु प्रमाण पत्र किया तैयार
बताया जा रहा है कि महिला के सौतेले बेटे समेत कुछ आरोपियों ने कथित रूप से फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार किया. इसके बाद उसी आधार पर जमीन का नामांतरण कराया गया और आगे चलकर जमीन की रजिस्ट्री भी कर दी गई. जब पीड़िता और उसके परिजनों को पूरे मामले की जानकारी मिली तो उन्होंने इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों और पुलिस से की. शिकायत की जांच के दौरान प्रारंभिक स्तर पर दस्तावेजों में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया.
4 लोगों को आरोपी बनाया गया
पुलिस के अनुसार इस प्रकरण में तत्कालीन तहसीलदार, तत्कालीन पटवारी समेत कुल चार लोगों को आरोपी बनाया गया है. आरोप है कि सभी ने मिलकर सरकारी अभिलेखों में हेरफेर कर जमीन हड़पने की साजिश रची. फिलहाल पुलिस सभी दस्तावेजों की जांच कर रही है और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है. यदि जांच में और लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
राजस्व विभाग पर भी सवाल
इस पूरे मामले ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
