चलती ट्रेन में महिला का हैंडबैग चोरी, नगदी, सोने के जेवर और डिजिटल घड़ी लेकर फरार हुआ चोर

by Kakajee News

 

रायगढ़। लंबी दूरी की ट्रेनों में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में दानापुर से रायगढ़ आ रही एक महिला यात्री का हैंडबैग चलती ट्रेन से चोरी हो गया। बैग में नगदी, सोने के आभूषण और डिजिटल घड़ी समेत करीब 30 हजार रुपये का सामान रखा था। मामले में पीड़िता की शिकायत पर जीआरपी रायगढ़ ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, शशिकला वाई. एस. (47 वर्ष), पति वासुदेवा रेड्डी, निवासी वसुधा विहार एसीसीएल कॉलोनी, इंडियन स्कूल के पास, थाना चक्रधरनगर, रायगढ़, अपने परिवार के साथ ट्रेन संख्या 22844 बक्सर–बिलासपुर एक्सप्रेस से 1 अगस्त को दानापुर से रायगढ़ के लिए यात्रा कर रही थीं। वे कोच ए-2 की बर्थ संख्या 37, 38 और 39 पर सफर कर रही थीं।
यात्रा के दौरान रात में सभी को नींद आ गई। 2 अगस्त को जब ट्रेन जसीडीह रेलवे स्टेशन पर रुकी तो उन्होंने देखा कि उनका लेडिस हैंडबैग गायब था। काफी तलाश करने के बाद भी बैग का कोई पता नहीं चला।
पीड़िता के अनुसार, चोरी हुए बैग में 15 हजार रुपये नकद, करीब 3 ग्राम वजनी सोने के इयररिंग (कीमत लगभग 10 हजार रुपये) तथा 4,999 रुपये कीमत की डिजिटल घड़ी रखी हुई थी। चोरी गए सामान की कुल अनुमानित कीमत 29,999 रुपये बताई गई है।
घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने रेलवे की हेल्पलाइन 139 पर शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलने पर जसीडीह रेलवे स्टेशन पर जीआरपी के जवान पहुंचे और पूछताछ की। पुलिस ने यात्रा पूरी होने के बाद संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराने की सलाह दी।
पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया कि चोरी गए सोने के आभूषण पुराने होने के कारण उनके बिल उपलब्ध नहीं हैं, जबकि डिजिटल घड़ी का बिल सुरक्षित है, जिसे जांच के दौरान पुलिस को उपलब्ध कराया जाएगा।
जीआरपी रायगढ़ ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस ट्रेन में मौजूद यात्रियों से पूछताछ के साथ-साथ संबंधित रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Related Posts

Leave a Comment