महासमुंद। महासमुंद शहर के सबसे व्यस्त बरौंडा चौक पर मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा होते-होते टल गया। स्कूल से साइकिल पर घर लौट रही एक छात्रा सड़क पार करने के दौरान कंटेनर की चपेट में आकर उसके नीचे फंस गई। कुछ पल के लिए घटनास्थल पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं, लेकिन पुलिस जवानों और स्थानीय नागरिकों की सूझबूझ व त्वरित कार्रवाई ने छात्रा की जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार भलेसर निवासी दिव्या कुर्रे मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे आशीबाई कन्या शाला से छुट्टी के बाद साइकिल से अपने गांव लौट रही थी। शाम करीब 5:02 बजे बरौंडा चौक पर सिग्नल खुलते ही पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में वह आ गई और वाहन के नीचे फंस गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
घटना के समय ड्यूटी पर तैनात आरक्षक फलेश वर्मा और आरक्षक विजय साहू ने बिना समय गंवाए स्थानीय लोगों की मदद से छात्रा को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के सदमे और घबराहट के कारण छात्रा बेहोश हो गई थी। तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत सामान्य होने पर छुट्टी दे दी।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि कुछ मिनट भी देर हो जाती तो हादसा बेहद गंभीर हो सकता था। पुलिस और स्थानीय लोगों की त्वरित सक्रियता ने एक मासूम की जान बचा ली।
पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आया है। वीडियो में छात्रा के कंटेनर के नीचे फंसने और लोगों द्वारा उसे सुरक्षित बाहर निकालने का घटनाक्रम स्पष्ट दिखाई देता है।
गौरतलब है कि बरौंडा चौक शहर का सबसे व्यस्त यातायात क्षेत्र माना जाता है। स्कूल की छुट्टी के समय यहां विद्यार्थियों और भारी वाहनों की आवाजाही काफी अधिक रहती है। घटना के बाद कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।
इस हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल समय में भारी वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण, ट्रैफिक पुलिस की अतिरिक्त तैनाती और सुरक्षित पैदल पारपथ जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
