ग्वालियर। ग्वालियर के फूलबाग इलाके से एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां दो छात्राओं ने अपनी सूझबूझ और बहादुरी से एक मोबाइल झपटमार के पसीने छुड़ा दिए। झपटमार छात्रा का फोन छीनकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन छात्राओं ने उसे न सिर्फ दौड़ाकर पकड़ा, बल्कि बीच चौराहे पर ही उसकी जमकर क्लास लगा दी। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, दो छात्राएं अपनी कोचिंग क्लास खत्म करके घर लौट रही थीं। जैसे ही वे फूलबाग चौराहे के पास पहुंचीं, तभी एक शातिर युवक चुपके से उनके पास आया और एक छात्रा के हाथ से मोबाइल छीनकर भागने लगा। झपटमार ने सोचा था कि लड़कियां डर जाएंगी या रोने लगेंगी, लेकिन उसका यह अंदाजा पूरी तरह गलत साबित हुआ।
बिना समय गंवाए हिम्मत दिखाई
मोबाइल छिनते ही दोनों छात्राओं ने बिना एक पल गंवाए हिम्मत दिखाई और आरोपी युवक के पीछे दौड़ लगा दी। कुछ ही दूरी पर छात्राओं ने उसे दबोच लिया। इसके बाद जो हुआ, उसकी उम्मीद आरोपी ने सपने में भी नहीं की होगी।
छात्राओं ने उसे वहीं पकड़कर जमकर थप्पड़ बरसाए और खरी-खोटी सुनाई। खुद को घिरता और पिटता देख झपटमार के होश उड़ गए। वह बीच सड़क पर हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा और दया की भीख मांगने लगा, लेकिन छात्राओं ने उसे जमकर सबक सिखाया।
इस पूरी घटना का वीडियो किसी प्रत्यक्षदर्शी ने अपने कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। लोग इन छात्राओं की बहादुरी की खूब सराहना कर रहे हैं और कह रहे हैं कि बदमाशों को ऐसा ही कड़ा सबक सिखाया जाना चाहिए।
