मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीज ने की आत्महत्या, पैंट का बनाया फंदा, बाथरूम के बाहर लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

by Kakajee News

रायगढ़। स्व.लखीराम अग्रवाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गायनिक वार्ड के बाथरूम के बाहर एक मरीज का शव फंदे से लटका मिला। मरीज ने अपनी पैंट को ही फंदा बनाकर आत्महत्या की। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने चक्रधर नगर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नारद लहरे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब 5 बजे नारद लहरे ने अपनी फूल पैंट से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद अस्पताल परिसर में शव लटका होने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल चक्रधर नगर थाना पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अस्पताल में भर्ती एक मरीज के फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने के मामले में रायगढ़ मेडिकल कालेज की लापरवाही भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि यहां 100 से अधिक सुरक्षा गार्ड अलग-अलग जगह तैनात हैं, इसके अलावा पूरा परिसर सीसीटीवी कैमरों से लैस है। इसी बीच आज सुबह तकरीबन 5 बजे से मरीज अपने बेड से गायब था और इसके बावजूद भी मरीज को खोजा नही जा सका और अंततः सवा 10 बजे के आसपास उसकी लाश देखी गई, जो कि रायगढ़ मेडिकल कालेज की लापरवाही को दर्शाता है।
फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक के परिजनों और अस्पताल में मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Posts

Leave a Comment