सारंगढ़-बिलाईगढ़। सरिया थाना क्षेत्र में स्टील चादर की खरीदी के नाम पर लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सरिया निवासी व्यापारी सूर्यकुमार मेहर की शिकायत पर पुलिस ने मुंबई स्थित यूनाइटेड इंडस्ट्रियल कॉर्पोरेशन के मालिक मोहम्मद रियाज के खिलाफ धारा 316(5) और 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक, सूर्यकुमार मेहर सरिया में सूरज ट्रेडर्स के नाम से स्टील के बक्से एवं फर्नीचर बनाने तथा होलसेल-रिटेल का व्यवसाय करते हैं। इसी सिलसिले में उनकी मुंबई के यूनाइटेड इंडस्ट्रियल कॉर्पोरेशन के मालिक मोहम्मद रियाज से स्टील चादर खरीदने को लेकर अप्रैल 2026 से लगातार फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से बातचीत हो रही थी।
व्यापारी का आरोप है कि 21 अगस्त को वह अपने मित्र अनिल प्रधान के साथ मुंबई पहुंचे, जहां मोहम्मद रियाज से मुलाकात हुई। इसके बाद रियाज उन्हें पनवेल-तलोजा क्षेत्र स्थित स्टील चादर की फैक्ट्रियों में लेकर गया और अलग-अलग कंपनियों में स्टील चादर के सैंपल दिखाए। इस दौरान अलग-अलग गुणवत्ता की स्टील चादर के लिए 74, 75.50 और 87 रुपये प्रति किलो के हिसाब से रेट बताए गए।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 10 टन स्टील चादर खरीदने के लिए उसी दिन 20 हजार रुपये फोन-पे के माध्यम से एडवांस दिए गए। इसके बाद 25 अगस्त को मोहम्मद रियाज ने फोन कर बाकी रकम आरटीजीएस करने की बात कही। व्यापारी ने उसी दिन पंजाब नेशनल बैंक, सरिया शाखा से 8 लाख 19 हजार 845 रुपये रियाज के खाते में आरटीजीएस कर दिए। इस तरह कुल 8 लाख 39 हजार 845 रुपये का भुगतान किया गया।
शिकायत में आगे बताया गया है कि भुगतान के बाद स्टील चादर भेजने की प्रक्रिया शुरू होने की बात कही गई। 7 सितंबर 2026 को रायगढ़ गुड्स कैरियर के माध्यम से ट्रक क्रमांक MH 05 DK 5721 भेजे जाने की बात सामने आई, लेकिन 9 सितंबर तक माल तैयार नहीं होने के कारण ट्रक वापस कर दिया गया।
इसके बाद व्यापारी द्वारा लगातार मोहम्मद रियाज से संपर्क किया गया। आरोप है कि हर बार स्टील चादर तैयार होने में कुछ और समय लगने की बात कहकर मामले को टाला जाता रहा। व्यापारी ने जब अपना भुगतान वापस मांगा तो कथित तौर पर 20 से 24 सितंबर के बीच माल तैयार करने अथवा रकम वापस करने का आश्वासन दिया गया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि निर्धारित समय बीतने के बाद भी उसे न तो स्टील चादर मिली और न ही उसके द्वारा भुगतान की गई 8.39 लाख रुपये की रकम वापस की गई। लगातार टालमटोल के बाद व्यापारी को धोखाधड़ी की आशंका हुई और उसने सरिया थाने में लिखित शिकायत प्रस्तुत कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस द्वारा भुगतान से जुड़े बैंक रिकॉर्ड, फोन-पे और आरटीजीएस लेनदेन, कथित स्टील चादर की खरीद-बिक्री से संबंधित दस्तावेज तथा दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई विवेचना के आधार पर की जाएगी।


