रायगढ़ । घरघोड़ा-धरमजयगढ़ मार्ग पर बंगाली ढाबा के सामने बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने एक मजदूर का आईफोन-15 छीन लिया और मौके से फरार हो गए। मोबाइल की कीमत करीब 64 हजार रुपये बताई गई है। पीड़ित की रिपोर्ट पर घरघोड़ा पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम टेरम निवासी युवक घरघोड़ा स्थित रितु किराना स्टोर में मजदूरी का काम करता है। वह प्रतिदिन सुबह करीब 8:30 बजे अपने मोटरसाइकिल से काम पर आता था और रात 8:30 बजे के आसपास घर लौटता था। 13 अक्टूबर 2026 को भी वह काम खत्म कर अपने घर जा रहा था। इसी दौरान रात करीब 9 बजे घरघोड़ा-धरमजयगढ़ मार्ग पर बंगाली ढाबा के सामने गतिरोधक के पास काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक पहुंचे और उसका रास्ता रोक दिया।
पीड़ित के अनुसार, जैसे ही उसने अपनी मोटरसाइकिल रोकी, पीछे बैठे युवक ने अचानक उसकी दाहिनी जेब में रखा आईफोन-15 छीन लिया। इसके बाद तीनों आरोपी मोटरसाइकिल से रायगढ़ रोड की ओर भाग निकले। घटना के दौरान दोनों मोटरसाइकिलों की हेडलाइट चालू थी, जिससे पीड़ित ने आरोपियों के चेहरे देख लिए। उसने पुलिस को बताया कि सामने आने पर वह उन्हें पहचान सकता है।
घटना के बाद पीड़ित काफी डर गया था। उसने अगले दिन से अपने स्तर पर आरोपियों की तलाश शुरू की। उसे संदेह है कि आरोपी जरेकेला-तमनार क्षेत्र के आसपास के हो सकते हैं। घटना की जानकारी उसने अपने माता-पिता और पत्नी को दी। परिवार से सलाह-मशविरा करने के बाद वह 18 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराने घरघोड़ा थाने पहुंचा।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि छीने गए आईफोन-15 की कीमत करीब 64 हजार रुपये है। मोबाइल का आईएमईआई नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया है। फिलहाल पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। अब आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है।



