रायगढ़। छत्तीसगढ़ के औद्योगिक नक्शे पर अहम पहचान रखने वाले रायगढ़ में बुधवार की सुबह आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई से उद्योग जगत में हड़कंप मच गया। कर चोरी की सूचना पर आयकर विभाग की टीमों ने तड़के करीब 5 बजे एक साथ कई ठिकानों पर दबिश दी। इस कार्रवाई के दायरे में रायगढ़ के प्रमुख उद्योगपति कमल अग्रवाल और श्रवण अग्रवाल से जुड़े प्रतिष्ठान और आवास भी बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीमें कमल अग्रवाल से जुड़े रायगढ़ इस्पात, सन स्टील और बर्बरी ग्रुप के ठिकानों पर जांच कर रही हैं। वहीं उद्योगपति श्रवण अग्रवाल के आवास और कारोबारी प्रतिष्ठानों पर भी अधिकारियों की मौजूदगी बताई जा रही है। टीमों द्वारा कारोबारी दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन, आयकर रिकॉर्ड और डिजिटल जानकारियों को खंगाला जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, रायगढ़ के अलावा रायपुर में भी बर्बरीक कंपनी से जुड़े ठिकाने आयकर विभाग की जांच के दायरे में हैं। रायगढ़ इस्पात के अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई की जानकारी सामने आई है। हालांकि, विभाग की ओर से अभी तक छापेमारी को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
16 से अधिक टीमें, कई जिलों में एक साथ कार्रवाई
बताया जा रहा है कि आयकर विभाग की 16 से अधिक टीमें बुधवार सुबह से ही रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़ समेत प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय हैं। एक साथ कई ठिकानों पर शुरू हुई इस कार्रवाई ने कारोबारी और औद्योगिक जगत में हलचल तेज कर दी है।
फिलहाल आयकर विभाग की जांच जारी है। कार्रवाई के दौरान क्या-क्या दस्तावेज और वित्तीय जानकारियां सामने आती हैं तथा जांच का दायरा आगे कितना बढ़ता है, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।




