रायगढ़। धरमजयगढ़ वन मंडल के आमगांव परिसर अंतर्गत 368 आरएफ (जूनापानी) जंगल में विचरण कर रहा 20 हाथियों का दल रायगढ़ रोड पार कर 367 आरएफ जंगल की ओर बढ़ गया है। हाथियों के इस दल में 8 नर, 8 मादा और 4 नन्हे शावक शामिल हैं। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की जरूरत है।
मिली जानकारी के अनुसार, हाथियों का दल जंगल से निकलकर रायगढ़ रोड पार करते हुए अब 367 आरएफ के जंगल की ओर पहुंच गया है। दल में शावकों की मौजूदगी के कारण हाथियों के मूवमेंट पर विशेष नजर रखने की आवश्यकता है। हाथियों की संभावित आवाजाही को देखते हुए शेरवन, दर्रीडीह, ओंगना, पोटिया और खलबोरा गांव के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। ग्रामीणों से अपील है कि वे जंगल की ओर जाने से बचें, हाथियों के करीब जाने या उन्हें देखने के लिए भीड़ न लगाएं और किसी भी स्थिति में हाथियों को परेशान करने की कोशिश न करें।
वन विभाग एवं हाथी मित्र दल द्वारा हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि ग्रामीणों और हाथियों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।





