रायगढ़। धान मिसाई के दौरान थ्रेशर मशीन की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। महिला अपने भाई के साथ धान की मिसाई करवा रही थी, तभी अचानक उसका कपड़ा मशीन के पट्टे में फंस गया। देखते ही देखते महिला मशीन की चपेट में आ गई और गंभीर चोट लगने से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना 20 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, बुढ़ीकूटेन निवासी अमरमती भगत के पति नरेश भगत के नाम पर ट्रैक्टर और थ्रेशर मशीन है। काकाजी डॉट काम को मिली जानकारी के अनुसार 20 नवंबर को गांव का शानू भुईया धान की मिसाई करने के लिए थ्रेशर मशीन मांगकर ले गया था। वह अपने घर के पास स्थित कोठार में धान की मिसाई कर रहा था। इसी दौरान उसकी बहन दिलेश्वरी भुईया भी वहां मौजूद थी। काकाजी डॉट काम को मिली जानकारी के अनुसार धान मिसाई के दौरान अचानक दिलेश्वरी के कपड़े का हिस्सा थ्रेशर मशीन के पट्टे में फंस गया। इससे वह मशीन की चपेट में आकर उसमें फंस गई। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर अमरमती भगत भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि थ्रेशर मशीन का संचालन शानू भुईया द्वारा लापरवाही एवं उपेक्षापूर्वक किया जा रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर पुलिस ने थ्रेशर मशीन चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।





