रायगढ़। दशकर्म का न्योता देने जा रहे तीन लोगों की मोटरसाइकिल सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे एक युवक को सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई, जबकि बाइक चालक सहित एक अन्य व्यक्ति को हल्की चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां युवक को मृत अवस्था में पाया गया। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 20 नवंबर की है। लैलूंगा के कटेलपारा निवासी छबील राउत को सुबह करीब 10 बजे उनके बड़े बेटे हलेश्वर राउत ने फोन कर घटना की जानकारी दी। काकाजी डॉट काम को मिली जानकारी के मुताबिक हलेश्वर राउत अपने साथी कृष्णा राउत और मिनकेतन राउत के साथ टीवीएस स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG13UG6429 से दशकर्म का न्योता देने जा रहे थे। मोटरसाइकिल हलेश्वर चला रहा था, जबकि कृष्णा बीच में और मिनकेतन पीछे बैठा था।
इसी दौरान ग्राम पोतरा के पास सामने से एक पिकअप वाहन आता दिखाई दिया। उसे देखकर हलेश्वर ने मोटरसाइकिल को सड़क किनारे नीचे उतार दिया। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। काकाजी डॉट काम को मिली जानकारी के मुताबिक हादसे में हलेश्वर और कृष्णा को हल्की चोटें आईं, जबकि मिनकेतन राउत के सिर में गंभीर चोट लग गई। हादसे के बाद उसे उपचार के लिए लैलूंगा अस्पताल ले जाया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर पिता छबील राउत भी अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने अपने बेटे मिनकेतन को अस्पताल के बरामदे में स्ट्रेचर पर मृत अवस्था में पड़ा देखा। उसके सिर से खून निकल रहा था। इस हादसे में परिवार ने अपना जवान बेटा खो दिया।
मृतक के पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक हलेश्वर राउत के विरुद्ध धारा 106(1) बीएनएस एवं धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।





