रायगढ़। शहर की प्रसिद्ध धार्मिक संस्था श्री श्याम मंडल ने एसपी संतोष कुमार सिंह के स्थानांतरण पर उन्हें भावभीनी विदाई दी। संजय काम्प्लेक्स स्थित श्री श्याम मंदिर परिसर में आयोजित एक सादे व गरिमामयी समारोह में निर्वतमान पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह को श्री श्याम दुपट्टा व स्मृति चिह्न भेंटकर उनका सम्मान किया गया। इस मौके पर श्री श्याम मंडल के पदाधिकारियों ने जिले में उनकी पदस्थापना के बाद से उनके द्वारा किए गए कार्यों व योगदान को याद किया गया। श्री श्याम मंडल के आयोजनों में उनकी सहभागिता व सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की मंगल कामनाएं की गईं।

श्री श्याम मंडल के प्रचार मंत्री महावीर अग्रवाल ने बताया कि जिले में आईपीएस संतोष सिंह का पूरा कार्यकाल अविस्मरणीय रहा है। अपने दो वर्षों के कार्यकाल के दौरान उन्होंने जिला पुलिस को छवि बेहतर से बेहतर बनाने व चमकाने में लगे रहे, जिसका प्रतिफल भी सकारात्मक रहा। आमजनों में पुलिस की छवि निखरकर आई। खासकर, कोरोनाकाल में किए गए उनके कार्यों ने जिला व प्रदेश ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरी। जिले की बेहतर पुलिसिंग व अपराधियों को पकडऩे में उनकी सफलता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एसपी संतोष सिंह के नेतृत्व में रायगढ़ पुलिस को डीजीपी द्वारा तीन बार इंद्रधनुष सम्मानित किया गया।
श्याम मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में श्री श्याम मंडल के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने उनका स्वागत व अभिनंदन करते हुए कहा कि जिला पुलिस का मुखिया होते हुए भी एसपी संतोष सिंह का सौम्य, शांत व विनम्र व्यवहार अन्य अधिकारियों से उन्हें अलग रखता है। दो वर्ष के कार्यकाल के दौरान हमारी कई बार उनसे मुलाकात हुई लेकिन उनके व्यवहार से कभी ऐसा नहीं लगा कि हम इतने बड़े अधिकारी से मिल रहे हैं। हम उनको कभी भूल नहीं पाएंगे।
श्याम मंडल के संरक्षक लक्ष्मीनारायण शर्मा ने श्री सिंह की विनम्रता व सौम्य व्यवहार की तारीफ करते हुए कहा कि श्री श्याम बाबा का आशीर्वाद उन पर हमेशा बरसता रहा। वे जहां भी रहें, सफलता के नए सोपान को तय करें। हम चाहते तो नहीं कि वे यहां से जाएं, लेकिन सरकारी महकमे में यह सामान्य प्रक्रिया है। हम यही आशा करते हैं कि वे एक बार फिर उच्चाधिकारी के रूप में हमारे यहां आएं और हमारा मार्गदर्शन करें। प्रचार मंत्री महावीर अग्रवाल ने एसपी संतोष सिंह के दो साल के कार्यकाल का रायगढ़ पुलिस व जिलेवासियों के लिए स्वर्णिम व अविस्मरणीय बताते हुए जिले में उनकी पदस्थापना के बाद पुलिस को मिली सफलता व उनके अनोखे कार्यों को सामने रखते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि श्याम मंडल का उनका भरपूर सहयोग मिलता रहा। रायगढ़ का जग प्रसिद्ध श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेला झूला उत्सव में उमडऩे वाली लाखों की भीड़ को जिस तरह उनके मार्गदर्शन में जिला पुलिस ने नियंत्रित किया, वह काबिलेतारीफ रही। यहां तक कि उनके कार्यों की पीएम नरेंद्र मोदी जी ने भी ट्वीट कर सराहा। उनके कार्यकाल के दौरान रायगढ़ पुलिस ने सोशल पुलिसिंग में नए कीर्तिमान बनाए। श्याम मंडल उनके उज्जवल भविष्य की कामना करता है कि वे जहां भी जाएं, इसी तरह वे सफलता के नए मापदंड तय करते जाएं। कार्यक्रम के दौरान श्री श्याम मंडल के सभी पदाधिकारी, सदस्य व श्याम भक्तों की उपस्थिति रही।
एसपी संतोष सिंह के कार्यकाल की स्वर्णिम सफलताएं

श्री अग्रवाल ने एसपी संतोष सिंह के कार्यकाल के दौरान मिली स्वर्णिम सफलता का जिक्र करते हुए बताया कि कोरोना की पहली लहर के दौरान ‘एक रक्षासूत्र.. मास्क काÓ अभियान ने गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकार्ड में रायगढ़ पुलिस का नाम दर्ज कराया। मात्र 6 घंटे में 12.37 लाख मास्क नि:शुल्क वितरित किए गए। लॉक डॉउन के दौरान हेल्पडेस्क बनाकर जरूरमंदों की मदद ने पुलिस विभाग की परंपरागत छवि को पूरी तरह बदल दिया। अपराधियों की धरपकड़ में भी उनकी कोई सानी नहीं रही। किरोड़ीमल नगर एटीएम लूटकांड व हत्या के मामले का मात्र 10 घंटे में पर्दाफाश, खरसिया में शिवांश के अपहरण मामले के अपहरणकर्ता की गिरफ्तारी व बच्चे की सकुशल वापसी, संबलपुरी मर्डर मिस्ट्री में ओडि़सा के बीजद विधायक की गिरफ्तारी, चोरी हुए मोबाइलों की बरामदगी, फरार वारंटियों की धरपकड़ जैसे कितने ही अनगिनत मामलों में उनके मार्गदर्शन में जिला पुलिस को सफलता मिली।
