दरभंगा जिले के थाना क्षेत्र के बसौली गांव में दहेज की खातिर नवविवाहिता गर्भवती बहू को मोबाइल से तीन तलाक देकर मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिये जाने का मामला गुरुवार को प्रकाश में आया है। बताया जाता है कि पाली गांव निवासी मो. अख्तर ने 18 अगस्त 2020 को अपनी बेटी जहांनूर की शादी बसौली के मो. मिठू के पुत्र मो. फूलहसन से की थी।
बताया जाता है कि मो. अख्तर ने गांव की कीमती दो कट्ठा जमीन बेचकर समधी को दो लाख रुपए नकद शादी में खर्च करने के लिए दिये थे। जहांनूर को पांच तोला सोना, आधा किलो चांदी के गहने के साथ टीवी, फ्रिज, पलंग, सोफा सेट आदि देकर ससुराल विदा किया था।
शादी के कुछ दिनों बाद ही पति, ससुर तथा सास जमीला खातून जहांनूर से अपने पिता से एक मोटरसाइकिल दिलाने की मांग करने लगे। उसने जब कहा कि मेरे पिता बेहद गरीब हैं और उनके लिए मोटरसाइकिल की मांग पूरी करना संभव नहीं है तो ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
इसी बीच पति तथा ससुर मुंबई चले गये। घर में सास उसके साथ मारपीट करने लगी। लोक-लाज के कारण जहांनूर हर जुल्म सहती रही। गत पांच जुलाई की शाम को पति ने मोबाइल पर पहले गाली-गलौज की, इसके बाद मोबाइल पर ही अपनी गर्भवती पत्नी को तीन तलाक दे दिया।
छह जुलाई की सुबह ससुराल वालों ने बहू के साथ मारपीट कर सभी जेवरात छीन लिए तथा उसे घर से बाहर निकाल दिया। इस संबंध में पीड़िता ने गुरुवार को घनश्यामपुर थाने में आवेदन दिया है। थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार झा ने कहा कि आवेदन में ओवरराइटिंग है। उसे बदलकर फिर से आवेदन देने को कहा गया है।
