महामारी से रेलवे पर बड़ी मार, मंत्री ने बताया कोरोना से कितना हुआ नुकसान

by Kakajee News

कोरोना ने देश और दुनिया की इकॉनमी पर बड़ा असर डाला है। इस महामारी से रेलवे पर भी बड़ी मार पड़ी है। केंद्रीय रेल राज्यमंत्री राव साहेब दान्वे ने रविवार को इससे जुड़े आंकड़ों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि कोरोना पैंडेमिक के दौरान रेलवे को 36,000 करोड़ रुपए का नुकसान उठाना पड़ा है। हालांकि इस दौरान मालगाड़ी ने रेलवे को बड़ा सहारा दिया। केंद्रीय रेल राज्यमंत्री ने बताया कि बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट जल्द ही मुंबई नागपुर एक्सप्रेसवे के समानांतर चलाया जाएगा। फिलहाल यह निर्माण के दौर से गुजर रहा है।

टिकट के दाम बढ़ाने से पैसेंजर्स की जेब पर पड़ेगा असर
केंद्रीय रेल राज्यमंत्री जालना रेलवे स्टेशन पर अंडरब्रिज के निर्माण कार्य की शुरुआत के कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि पैसेंजर ट्रेन सेगमेंट हमेशा घाटे में रहता है। टिकट के दाम बढ़ाने से पैसेंजर्स की जेब पर असर पड़ता है, इसलिए हम वह भी नहीं कर सकते। उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान रेलवे को 36,000 करोड़ रुपए का घाटा उठाना पड़ा है। रेल राज्यमंत्री ने बताया कि केवल मालगाड़ी से ही कमाई होती है। पैंडेमिक के दौरान भी इन्हीं ट्रेनों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन ट्रेनों की माल ढुलाई से आम लोगों को काफी राहत मिली है।

नवी मुंबई से दिल्ली को जोड़ेगा पश्चिमी फ्रेट कॉरिडोर
रावसाहेब दान्वे ने कहा कि रेलवे ने पश्चिमी फ्रेट कॉरिडोर प्रोजेक्ट शुरू किया है। इस नवी मुंबई से दिल्ली को जोड़ेगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि नांदेड़ और मनमाड़ स्टेशन के बीच ट्रैक डबल किया जाएगा। रेल राज्यमंत्री ने कहा कि वह देखेंगे कि जालना-खामगांव रेलवे लाइन मजबूत है या नहीं। अपने ऊपर विरोधियों पर टिप्पणी के बाबत उन्होंने कहा कि उनके ऊपर चारों ओर से हमले हुए हैं, लेकिन आलोचनाओं ने उन्हें मजबूत बनाया है। इस मौके पर मौजूद रहे महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि राज्य सरकार ने जालना में एक अस्पताल पास किया है। इसमें मानसिक रोग के शिकार लोगों का इलाज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे मराठवाड़ा क्षेत्र के लोगों को काफी लाभ होगा।

Related Posts

Leave a Comment