रायगढ़। संबलपुरी के गौठान में शहर के आवारा मवेशियों को शिफ्ट कर उनकी देखभाल की जाती है। जिससे शहर में भी यातायात व्यवस्था सुचारू हो और मवेशी भी सुरक्षित रहें। यहां उनके चारे पानी के साथ नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच का इंतजाम किया जाता है। गौठान में वर्तमान में 225 पशुओं को रखा गया है।
पशुपालन विभाग द्वारा यहां पशुओं के नियमित स्वास्थ्य जांच के 5 लोगों की ड्यूटी लगाई गई है। बीते 27 सितंबर को गौठान में वृहत हेल्थ कैंप लगाया गया था। साथ ही पशुओं के देख-रेख के लिए नगर निगम द्वारा युवा संगठन समिति को जिम्मेदारी दी गई है
संबलपुरी गौठान में मवेशियों के लिए पर्याप्त मात्रा में चारे की भी व्यवस्था है। नगर निगम आयुक्त श्री सुनील चंद्रवंशी ने बताया कि नियमित रूप से चारे का इंतजाम किया जा रहा है। वर्तमान में गौठान में 40 क्विंटल पैरा कुट्टी और 55 क्विंटल चोकर उपलब्ध है। सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से यहां हरी सब्जियों का भी इंतजाम किया जाता है।
उप संचालक पशुपालन विभाग डॉ.जायसवाल ने बताया कि संबलपुरी गौठान में मवेशियों की नियमित जांच की जाती है। बीते 27 सितंबर को गौठान में वृहत जांच शिविर लगाया गया था। इसमें रूटीन जांच और टीकाकरण किया गया है। गौठान में स्वास्थ्य जांच के लिए एक पशु चिकित्सक सहित 5 लोगों की ड्यूटी लगाई गई है।
