स्कूल में जाम छलकाते पकड़ाया प्रधान पाठक, घरघोड़ा के जुनाडीह का मामला, ग्रामीणों ने किया पुलिस के हवाले,पुलिस ने बिना कार्यवाही छोड़ा

by Kakajee News

रायगढ़। स्कूल में जाम छलकाते एक प्रधानपाठक को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया और शराब के नशे में धुत्त प्रधानपाठक को पुलिस बुलाकर उनके हवाले कर दिया ।

पूरा मामला घरघोड़ा से लगे ग्राम जुनाडीह के शासकीय प्राथमिक शाला का है जहां ग्रामीणों के बताए अनुसार स्कूल में पदस्थ प्रधानपाठक धर्मेंद्र भाटिया आदतन शराबी है और सदा नशे में स्कूल आता है । हद तो तब हो गयी जब प्रधानपाठक भाटिया ने स्कूल को ही मधुशाला बना डाला और स्कूल में ही जाम छलकाने लगा इसकी भनक ग्रामीणों को पड़ी तो ग्रामीणों ने स्कूल में दाखिल होकर प्रधानपाठक भाटिया को रंगे हाथों जाम छलकाते पकड़ लिया । इसके बाद नशे में धुत्त भाटिया को ग्रामीणों ने 112 पर कॉल कर पुलिस को सौंप दिया ।

प्रधानपाठक को बिना कार्यवाही पुलिस ने छोड़ा !!
इस मामले में बकायदा ग्रामिणो द्वारा 112 बुलाकर स्कूल में शराब पीते मिले शिक्षक को पुलिस को सौंपा पर पुलिस ने बिना किसी कार्यवाही के प्रधान पाठक को यूं ही छोड़ दिया । यह बात इसलिए भी हजम नही होती क्योंकि घरघोड़ा पुलिस शराब पीते पकड़े जाने पर दर्जनों केस दर्ज करती रहती है पर इस मामले में उनकी दरियादिली का कारण समझ नही आया ।

पहले भी डीईओ और कलेक्टर को हुई है शिकायत
शराबी प्रधानपाठक धर्मेंद्र भाटिया द्वारा नशे में स्कूल आने की शिकायत गत नवम्बर में ही जुनाडीह के ग्रामीणों ने लिखित रूप में जिला शिक्षा अधिकारी एवं कलेक्टर से की थी पर कोई कार्यवाही नही हुई नतीजतन आदतन शराबी प्रधानपाठक का हौसला और बढ़ा और आज स्थिति यहां तक आ पहुंची की स्कूल परिसर में जाम छलकाने में भी भाटिया को कोई गुरेज नही है ।

ग्रामीणों ने कहा नही हटाये गए भाटिया तो आंदोलन
शिकायतों के बाद भी कार्यवाही न होने से जुनाडीह के ग्रामीण रुष्ट हैं और स्कूल जैसे जगह में वही के पदस्थ प्रधानपाठक की नशाखोरी को लेकर अब आंदोलन के मूड में हैं । ग्रामीणों ने बताया कि अगर जल्द शराबी प्रधानपाठक भाटिया को नही हटाया गया तो हमे आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

Related Posts