बाईक सवार ग्रामीण को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर हुई मौत, गुस्साये गांव के ग्रामीणों ने शुरू किया चक्काजाम

by Kakajee News

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अज्ञात वाहन की ठोकर से बाईक सवार एक ग्रामीण की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना से गुस्साये लोगों ने चक्काजाम शुरू कर दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है। मामला तमनार थाना क्षेत्र का है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम लिबरा निवासी दिवाकर गुप्ता रविवार की दोपहर अपनी मोटर सायकल से किसी काम के सिलसिले में घर से निकला हुआ था। इसी बीच अज्ञात भारी वाहन के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाईक सवार ग्रामीण को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। इस दुर्घटना के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया है।
ग्रामीणों ने शुरू किया चक्काजाम
सड़क दुर्घटना में गांव के एक व्यक्ति की मौत हो जाने के बाद गुस्साये गांव के ग्रामीणों ने सड़क में ही शव को रखकर आरोपी वाहन चालक की गिरफ्तारी एवं मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा को लेकर चक्काजाम शुरू कर दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही तमनार पुलिस मौके पर पहुंचकर आक्रोशित ग्रामीणों को समझाईश देने के प्रयास में जुट गई है।
भारी वाहनों का लगा रहता है रेलमपेल
आक्रोशित गांव के ग्रामीणों ने बताया कि इस क्षेत्र में स्थापित उद्योगों में चलने वाली भारी वाहनों का यहां 24 घंटे रेलमपेल लगा रहता है। भारी वाहनों के गति पर नियंत्रण रखने उनके द्वारा ब्रेकर बनवाने की मांग की गई थी। इस मामले को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारी से फोन पर निवेदन भी किया गया था। इसके बावजूद उनकी मांग को अनसुना किया जाता रहा है।

Related Posts