चावल मांगने पर सोसाइटी संचालक ने विकलांग ग्रामीण को पीटा, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

by Kakajee News

रायगढ़।  रायगढ़ जिले में एक विकलांग ग्रामीण को शासकीय उचित मूल्य की दुकान में पिछले माह का चावल मांगना उस वक्त महंगा पड़ गया जब सोसायटी संचालक ने उसकी पिटाई कर दी। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज कर मामले को जांच में ले लिया है। उक्त मामला तमनार थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक तमनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जरेकेला निवासी विदयानंद ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि बचपन से वह विकलांग है और अपने घर में कम्प्यूटर व फोटो कापी दुकान चलाता है और अपने छोटे भाई के परिवार व माता-पिता के साथ रहता है। पीड़ित ने बताया कि उसका और उसके भाई का राशन कार्ड अलग अलग बना है जिसमें हर माह शासकीय उचित मुल्य की दुकान से चावल लेते है।
पीड़ित ने बताया कि पिछले माह अक्टूबर माह का राशन उसे नही मिला था। 05 नवंबर को जब वह अपने छोटे भाई अशोक के साथ राशन लेने जरेकेला शासकीय उचित मूल्य की दुकान में पहुंचा था। इस दौरान उसने राशन वितरण करने वाले राधेश्याम पैंकरा को पिछले महीने का भी राशन एक साथ देने के लिये कहा। तब उसे कहा गया कि पिछले महीने का राशन नही मिलेगा। इस दौरान जब पीडित के द्वारा क्यों नही दोगे पूछने पर दोनों के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई और फिर राधेश्याम पैंकरा ने गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए चावल निकालने वाले बर्तन से पीड़ित विदयानंद से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसे और बीच बचाव कर रहे उसके छोटे भाई को चोट आई है।
बहरहाल पीड़ित युवक की रिपोर्ट के बाद तमनार पुलिस ने जरेकेला शासकीय उचित मूल्य की दुकान में चावल वितरण करने वाले राधेश्याम पैंकरा के खिलाफ धारा 115 (2) 296, 351 (2) के तहत अपराध दर्ज कर मामले को जांच में ले लिया है।

Related Posts