अवैध उत्खनन व परिवहन पर खनिज विभाग की सख्त कार्रवाई, एक सप्ताह में 27 वाहन जब्त, विभिन्न थानों में सुपुर्द

Picture of kakajee

kakajee

 

रायगढ़। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के सख्त निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में विगत एक सप्ताह के भीतर जिला रायगढ़ के खनिज अमले ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए 27 वाहनों को जब्त किया है। इस कार्रवाई से अवैध गतिविधियों में संलिप्त तत्वों में हड़कंप की स्थिति है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अवैध परिवहन के अंतर्गत खनिज रेत के 20 ट्रैक्टर एवं 02 हाईवा, खनिज मिट्टी/मुरूम के 03 ट्रैक्टर तथा खनिज चूनापत्थर के 02 हाईवा को जब्त किया गया है। जब्त किए गए कुल 27 वाहनों को कलेक्ट्रेट परिसर सहित थाना कोतरा रोड, भूपदेवपुर, पूंजीपथरा एवं पुसौर में सुरक्षार्थ रखा गया है।
खनिज विभाग द्वारा संबंधित परिवहनकर्ताओं के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 एवं 23(क) के तहत विधिसम्मत प्रकरण दर्ज किया गया है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन एवं परिवहन में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उक्त कार्यवाही में खनि निरीक्षक श्री सोमेश्वर सिन्हा सहित जिला खनिज अमला सक्रिय रूप से शामिल रहा। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए सतत निगरानी रखी जाए तथा भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रखी जाए। खनिज विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अवैध खनिज गतिविधियों की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा एवं राजस्व की हानि को रोका जा सके।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और भी

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें