सड़क बनी, फिर खुद गई! सावित्री नगर मार्ग पर पाइप लाइन फटने से लोगों की बढ़ी परेशानी

Picture of kakajee

kakajee

 

रायगढ़। शहर में विकास कार्यों की रफ्तार भले तेज दिखाई दे रही हो, लेकिन योजनाओं के अभाव में आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ताजा मामला रायगढ़ के सावित्री नगर मार्ग का है, जहां पाइप लाइन फटने के बाद निगम की टीम ने हाल ही में बनी नई सड़क को फिर से खोद दिया। सड़क खोदने के कारण इस मार्ग का एक हिस्सा बंद कर दिया गया है, जिससे दिनभर लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि इस मार्ग पर लाखों रुपए खर्च कर नई सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन पाइप लाइन फटने की घटना के बाद सड़क को दोबारा जेसीबी से खोदना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में अक्सर ऐसा देखने को मिलता है कि पहले सड़क बना दी जाती है और बाद में नाली, पाइप लाइन या अन्य कार्यों के लिए उसी सड़क को फिर से तोड़ दिया जाता है। इससे सरकारी राशि की बर्बादी के साथ-साथ लोगों को भी परेशान होना पड़ता है।
इधर, जिस मार्ग पर यह स्थिति बनी हुई है वहां एक होटल भी बिना पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था के संचालित बताया जा रहा है। सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग होने और बगल में नए निर्माण कार्य के चलते पहले से ही यातायात प्रभावित था, ऊपर से सड़क खुदने के बाद हालात और खराब हो गए हैं।
स्थानीय नागरिकों ने निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पहले से बेहतर योजना बनाकर काम किया जाए तो नई सड़कों को बार-बार खोदने की नौबत नहीं आएगी। फिलहाल सड़क खुदने के कारण लोगों को धूल, जाम और असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें