रायगढ़। धरमजयगढ़-कापू मुख्य मार्ग पर सोमवार को मड़वाताल घाट के जंगल में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। करीब 12 बजे डीजल टैंकर और शिफ्ट कार के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीजल टैंकर सड़क पर ही पलट गया, जबकि शिफ्ट कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में दोनों वाहनों के चालक सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद पलटे डीजल टैंकर से बड़ी मात्रा में डीजल सड़क पर बहने लगा। देखते ही देखते घटनास्थल पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सड़क पर डीजल फैलने के कारण मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल भी बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ लोग सड़क पर बिखर रहे डीजल को डिब्बों और जरकीनों में भरकर ले जाते हुए भी नजर आए। घटना के बाद सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शिफ्ट कार में एक महिला और एक पुरुष सवार थे। दोनों किसी कंपनी में कार्यरत बताए जा रहे हैं और किसी काम के सिलसिले में अंबिकापुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे डीजल टैंकर से उनकी कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं टैंकर सड़क पर पलट गया। घटना की सूचना मिलते ही कापू पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
प्रथम दृष्टया दुर्घटना दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर के कारण होना बताया जा रहा है, लेकिन टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है, इसका पता पुलिस की जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस से मिलने वाली विस्तृत जानकारी के बाद हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।


