रायगढ़। जूटमिल थाना क्षेत्र में रेल पटरी पर एक सेल्स मैनेजर के साथ मारपीट कर चाकू से हमला करने और लूट की वारदात सामने आई है। 3-4 अज्ञात आरोपियों ने पहले रास्ता रोककर गाली-गलौज की, फिर मारपीट करते हुए चाकू से सीने पर वार किया और जेब में रखे 300 रुपए व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। मामले में जूटमिल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गोगा मंदिर के सामने महरापारा निवासी 35 वर्षीय रितेश कुमार जैन रामनिवास टॉकीज के पास स्थित सुहाना कूलर में सेल्स मैनेजर के पद पर काम करता है। 4 अक्टूबर की सुबह करीब 9:30 बजे वह ड्यूटी पर गया था। रात करीब 8:30 से 8:45 बजे के बीच ड्यूटी खत्म होने के बाद वह पैदल घर लौट रहा था।
रात करीब 9 बजे पुराने ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग, मिनीमाता चौक के पहले रेलवे पटरी के पास पहुंचने पर पीछे से 3-4 अज्ञात युवक आए और उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने उससे रुपए और मोबाइल देने को कहा। विरोध करने पर आरोपियों ने मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान आरोपियों में से एक ने चाकू निकालकर रितेश के दाहिने सीने पर वार कर दिया, जिससे चोट लगने के बाद खून निकलने लगा। इसके बाद आरोपियों ने उसे रेलवे पटरी पर गिराकर उसकी जींस की पीछे वाली जेब से 300 रुपए और सामने की जेब से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन जबरन निकाल लिया।
पीड़ित के मुताबिक, उसने बचाव के लिए शोर मचाया तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। आवाज सुनकर आसपास के कुछ लोग मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद आरोपी रेलवे पटरी के रास्ते बड़पारा शराब भट्ठी की ओर भाग निकले।
घटना के बाद रितेश घर पहुंचा और अपने चचेरे भाई अमित जैन को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों जूटमिल थाना पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत दी।
पुलिस ने आवेदन के आधार पर अज्ञात 3-4 आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(3), 115(2), 309(6) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पीड़ित ने पुलिस को बताया है कि वह आरोपियों को सामने आने पर पहचान सकता है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।


