रायगढ़ । इन दिनों रायगढ़ में भीषण गर्मी लोगों की परीक्षा ले रही है। नवतपा के दौरान जिले का तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहा है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने दोपहर के समय सड़कों को सुनसान कर दिया था। हालांकि नवतपा के तीसरे दिन अचानक बदले मौसम ने लोगों को बड़ी राहत दी।
गुरूवार की शाम रायगढ़ जिले के कई इलाकों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर धूल भरी आंधी चली, जिसके बाद बारिश शुरू हो गई। बारिश होते ही मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने गर्मी से अस्थायी राहत महसूस की।
पिछले कुछ दिनों से रायगढ़ समेत पूरे छत्तीसगढ़ में नवतपा का असर देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने भी प्रदेश में हीटवेव और तापमान 44 से 46 डिग्री तक पहुंचने की चेतावनी जारी की थी। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के असर से आंधी और बारिश की संभावना जताई गई थी।
बारिश के बाद लोगों ने घरों से बाहर निकलकर ठंडी हवाओं का आनंद लिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के चेहरों पर राहत साफ दिखाई दी। हालांकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में फिर से गर्मी बढ़ने की संभावना जताई है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने और लू से बचाव करने की सलाह दी गई है।
59
