बिलासपुर में ‘रील’ का खतरनाक जुनून: ओवरब्रिज पर कार की छत पर डांस, शैंपेन स्टंट के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, बीच सड़क पर स्टंट और रैंप वॉक का वीडियो वायरल, कार जब्त; लाइसेंस निरस्त करने की तैयारी

by Kakajee News

बिलासपुर में सोशल मीडिया रील बनाने के जुनून ने एक बार फिर कानून और सड़क सुरक्षा को चुनौती दी। कोनी क्षेत्र के तुर्काडीह ओवरब्रिज पर युवती द्वारा चलती कार की छत पर चढ़कर डांस करने, सड़क पर रैंप वॉक करने और शैंपेन की बोतल खोलकर स्टंट करने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है।
वायरल वीडियो में युवती पहले बीच सड़क पर कार रोकती दिखाई देती है, फिर बोतल खोलकर सड़क पर रील शूट करती है। इसके बाद वह कार की छत पर चढ़कर डांस करती नजर आती है। इस दौरान सड़क पर ट्रैफिक प्रभावित होने और अन्य लोगों की जान जोखिम में डालने के आरोप भी सामने आए हैं।
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद रजनेश सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कोनी थाना और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम ने वाहन नंबर के आधार पर कार को ट्रेस कर जब्त कर लिया। वाहन को थाने में खड़ा कराया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार वाहन के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 135 सहित अन्य प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है। रामगोपाल करियारे ने बताया कि संबंधित ड्राइविंग लाइसेंस को निरस्त करने के लिए आरटीओ को पत्र भेजा जा रहा है।
सख्ती के बावजूद नहीं थम रहा ‘रील स्टंट’ का ट्रेंड
बिलासपुर पुलिस लगातार जागरूकता अभियान और चालानी कार्रवाई चला रही है, लेकिन खतरनाक रील और स्टंट के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे। खासकर ओवरब्रिज, हाईवे और सुनसान सड़कों पर युवक-युवतियों द्वारा जान जोखिम में डालकर वीडियो बनाने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।
तीन दिन पहले ही चकरभाठा क्षेत्र में भी एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक कार चला रहा था जबकि युवती सनरूफ से बाहर निकलकर डांस करती दिखाई दी थी। उस मामले ने भी सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए थे।
सोशल मीडिया लाइक्स के लिए जान जोखिम में विशेषज्ञों का मानना है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत युवाओं को खतरनाक स्टंट की ओर धकेल रही है। पुलिस ने साफ किया है कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की हरकतें न केवल गैरकानूनी हैं बल्कि हादसों को भी न्योता देती हैं। प्रशासन ने लोगों से जिम्मेदारी के साथ सोशल मीडिया का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

Related Posts

Leave a Comment