जांजगीर-चांपा में ISI स्लीपर सेल का खुलासा, पंजाब का युवक गिरफ्तार, टारगेट किलिंग की साजिश का दावा

Picture of kakajee

kakajee

 

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ की जांजगीर-चांपा पुलिस को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक बेहद गंभीर मामले में बड़ी सफलता मिली है। जिले के अकलतरा में किराये के मकान में रह रहे एक युवक को पाकिस्तान समर्थित स्लीपर सेल का सदस्य होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के मोबाइल से ऐसे डिजिटल सबूत मिले हैं, जिनसे उसके सीधे तौर पर ISI नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेवक सिंह (23), पिता बलविंदर सिंह, निवासी पट्टी थाना क्षेत्र, जिला तरनतारन (पंजाब) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पंजाब से आकर अकलतरा में किराये पर रह रहा था और किरायेदार सत्यापन के दौरान पुलिस की नजर में आया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान, सऊदी अरब और मैक्सिको के कई संदिग्ध नंबरों के संपर्क में था। उसके मोबाइल फोन से व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉलिंग रिकॉर्ड, कॉल रिकॉर्डिंग और कई संवेदनशील जानकारियों के आदान-प्रदान के अहम सबूत बरामद हुए हैं।
जांच एजेंसियों को यह भी संकेत मिले हैं कि आरोपी छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण व्यक्तियों, संवेदनशील ठिकानों, वाहनों के नंबर और फोटो-वीडियो जैसी गोपनीय सूचनाएं पाकिस्तान भेज रहा था। इतना ही नहीं, पाकिस्तान से हथियार मिलने के बाद उसे टारगेट किलिंग का जिम्मा सौंपे जाने की साजिश भी सामने आई है। ड्रोन के जरिए असलाह पहुंचाने की योजना की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई को बेहद अहम माना जा रहा है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मोबाइल से मिले डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि विस्तृत विवेचना और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं। यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण जांच एजेंसियां हर पहलू पर गंभीरता से काम कर रही हैं।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें