रायगढ़। रायगढ़ जीआरपी ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन से एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 8.160 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 4 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी महाराष्ट्र जाने की फिराक में रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहा था।
जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक आर.के. बोर्झा ने बताया कि रविवार 5 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन रायगढ़ के प्लेटफॉर्म नंबर-2/3 के झारसुगुड़ा छोर स्थित चबूतरे के पास एक युवक गहरे नीले रंग का पिट्ठू बैग लेकर बैठा है, जिसके बैग में गांजा रखा हुआ है। सूचना के अनुसार वह किसी ट्रेन से महाराष्ट्र की ओर रवाना होने वाला था।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार रोजनामचा में दर्ज किया गया तथा स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम बिनोद बाघ (27 वर्ष), पिता निरंजन बाघ, निवासी ग्राम बनबहाल, थाना बांधरपाली, जिला झारसुगुड़ा (ओडिशा) बताया।
बैग से निकले चार पैकेट, कुल 8.160 किलो गांजा बरामद
एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए आरोपी को उसके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। उसकी सहमति के बाद बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग में रखे चार अलग-अलग पैकेटों से हरे-भूरे रंग का नमीयुक्त गांजा बरामद हुआ।
इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर चारों पैकेटों का वजन क्रमशः 1.040 किलोग्राम, 2.040 किलोग्राम, 2.540 किलोग्राम और 2.540 किलोग्राम पाया गया। कुल वजन 8.160 किलोग्राम निकला।
कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से रायगढ़ से अकोला का एक रेलवे यात्रा टिकट भी बरामद किया गया, जिससे प्रारंभिक तौर पर यह संकेत मिला कि वह गांजा महाराष्ट्र ले जाने की तैयारी में था।
वीडियोग्राफी के बीच हुई पूरी कार्रवाई
जीआरपी ने जप्ती की पूरी प्रक्रिया की ई-साक्ष्य (वीडियोग्राफी) कराई। मौके पर ही जप्ती पंचनामा, नजरी नक्शा और अन्य वैधानिक दस्तावेज तैयार किए गए। जब्त गांजा, बैग और यात्रा टिकट को कब्जे में लेकर आरोपी को जीआरपी थाना लाया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
प्रारंभिक जांच में आरोपी के कब्जे में अवैध रूप से गांजा रखकर परिवहन किए जाने की पुष्टि होने पर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की विवेचना जारी है। जीआरपी यह भी पता लगा रही है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसे महाराष्ट्र में किसे पहुंचाया जाना था।
