महानदी इलाके में बाढ़ से निपटने जिला प्रशासन अलर्ट, आपदा राहत कंट्रोल रूम के नंबर जारी

by Kakajee News

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में लगातार हो रही बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने आम नागरिकों की सहायता के लिए जिला बाढ़ आपदा राहत कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया है। किसी भी प्रकार की बाढ़, जलभराव या आपदा संबंधी सूचना एवं सहायता के लिए नागरिक अब सीधे कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं।

जिला प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, जिला बाढ़ आपदा राहत कंट्रोल रूम (जिला मुख्यालय) का दूरभाष नंबर 07768-299016 है। वहीं, जिला बाढ़ आपदा राहत अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर उमेश कुमार साहू को इस व्यवस्था का प्रभारी बनाया गया है। उनका मोबाइल नंबर 8305377283 जारी किया गया है। कल सुबह से देर रात तक छत्तीसगढ़ के कई में भारी बारिश हुई है जिससे नदी नालों का जल स्तर भी बढ़ गया है, वहीं अगले 24 घंटे में और अधिक भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।

प्रशासन ने जिले के सभी तहसीलों में भी स्थानीय आपदा नियंत्रण अधिकारी नियुक्त किए हैं। प्रत्येक क्षेत्र के एसडीएम और तहसीलदार अपने-अपने क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करेंगे। किसी भी आपात स्थिति में संबंधित अधिकारी से भी संपर्क किया जा सकता है।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बाढ़, जलभराव, जनहानि, पशुहानि या अन्य किसी भी आपदा की जानकारी तत्काल कंट्रोल रूम अथवा संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय पर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके।

मुख्य हेल्पलाइन:
जिला बाढ़ आपदा राहत कंट्रोल रूम: 07768-299016
जिला बाढ़ आपदा राहत अधिकारी (डिप्टी कलेक्टर) उमेश कुमार साहू: 8305377283
प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के पास अनावश्यक रूप से न जाने, मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करने की अपील की है।

Related Posts

Leave a Comment