रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बीती रात भोजन की तलाश में गांव के करीब पहुंचे हाथियों ने 6 ग्रामीणों के मकान को तोड़ा है। साथ ही 3 किसानों के धान की फसल को नुकसान पहुंचाया है। इस मामले की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम नुकसान का आंकलन करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मामला धरमजयगढ़ वन मंडल का है।
मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल के कापू रेंज के लिप्ती बीट के अंतर्गत आने वाले ग्राम चितामाड़ा, पखनाकोट के अलावा कमरई में बीती रात हाथियों ने 6 ग्रामीणों बैसाखु लकड़ा, संजय लकड़ा, दीपक केरकेट्टा, परमेश्वर मिंज, सिरिल मिंज के अलावा एक अन्य ग्रामीण के मकान को तोड़ा है। इसके अलावा रूपुंगा के दो किसानों कनकराम, गणेशराम के धान थरहा को नुकसान करने के साथ-साथ संजय डनसेना के धान की फसल को हाथियों ने नुकसान पहुंचाया है। इस मामले की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
कापू क्षेत्र के ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में उनके क्षेत्र में 25 से अधिक हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं और तकरीबन 10 से अधिक दिनों दिनों के भीतर हाथियों के द्वारा लगातार किसी न किसी ग्रामीण के मकान को तोड़कर चावल खाकर नुकसान पहुंचाया जा रहा है जिससे पूरे क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है।
वन विभाग के आंकड़ो के मुताबिक रायगढ़ जिले में इन दिनों कुल 135 हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं जिसमें धरमजयगढ़ वन मंडल में 114 हाथी तो रायगढ़ वन मंडल में भी 21 हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं। हाथियों के इस दल में 42 नर, 65 मादा के अलावा 28 शावक शामिल है। वन विभाग के अलावा हाथी मित्र दल की टीम लगातार हाथी प्रभावित इलाकों में मुनादी कराकर लोगों को सावधानी बरतने की अपील कर रहा है।
13
