रायगढ़ में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार नेक्सॉन कार ने बाइक सवारों को रौंदा, एक की मौत, दूसरा गंभीर

by Kakajee News

रायगढ़। शहर में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। जानकारी के अनुसार, रात करीब 3 बजे पटेलपाली सब्जी मंडी के पास तेज रफ्तार नेक्सॉन कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान उमेश ठाकुर के रूप में हुई है, वहीं गंभीर रूप से घायल संदीप शाह की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नेक्सॉन कार तेज गति से आ रही थी और अनियंत्रित होकर बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी।
हादसे के बाद कार चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वाहन के आधार पर चालक की पहचान करने और उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतक के परिजनों में शोक की लहर है, वहीं क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग भी उठने लगी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Posts

Leave a Comment