पसान – कोरबा। तहसील पसान के ग्राम पंचायत पसान में बिजली की आंख मिचौली से लोग त्रस्त हो गए हैं। रोजाना घंटों तक बत्ती गुल रहने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। परेशान ग्रामीणों ने बुधवार को तहसीलदार पसान को ज्ञापन सौंपकर बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
ग्रामवासियों ने ज्ञापन में बताया कि पिछले कई दिनों से गांव में बिना सूचना के दिन में कई बार बिजली काटी जा रही है। रात के समय अंधेरा छा जाने से चोरी की घटनाओं और सांप-बिच्छू का डर बना रहता है। बच्चों की पढ़ाई नहीं हो पा रही है, वहीं बीमार लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लाइट नहीं होने से जरूरी मेडिकल उपकरण तक काम नहीं कर पाते।
ग्रामीणों के अनुसार इसकी शिकायत स्थानीय बिजली विभाग के कर्मचारियों से कई बार की गई, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।
समस्त ग्रामवासियों ने चेतावनी दी है कि दो दिन के अंदर बिजली आपूर्ति दुरुस्त नहीं की गई तो पूरे गांव के लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी विद्युत वितरण विभाग और सहायक अभियंता की होगी।
ज्ञापन समस्त ग्रामवासी पसान एवं जनप्रतिनिधियों की ओर से दिया गया है, जिसमें वार्ड क्रमांक 04 की पंच रजनी निर्मलकर, ग्राम पंचायत पसान के पंचगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।
9
