रायगढ़ । कोतवाली पुलिस ने सीएमओ तिराहा से चोरी हुए ट्रेलर डाला के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पहले क्षेत्र की रेकी कर वारदात की पूरी योजना बनाई और 27 जुलाई की देर रात करीब 2:30 बजे चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी के डाला को अपने ट्रेलर के इंजन से जोड़कर रायपुर ले जाया गया, जहां उसे 4 लाख 30 हजार में बेच दिया गया। पुलिस ने करीब 10 दिनों तक लगातार मेहनत करते हुए 300 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले और आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस ने चोरी गया डाला एवं इंजन सहित करीब 13 लाख का मशरूका, वारदात में प्रयुक्त करीब 8 लाख कीमत की कार तथा आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
रिपोर्ट दर्ज होते ही सक्रिय हुई कोतवाली पुलिस
मामले की जानकारी के अनुसार ट्रांसपोर्ट नगर, सारंगढ़ बस स्टैंड रायगढ़ निवासी धीरज कुमार नवीन पिता योगेश कुमार सिंह उम्र 41 वर्ष ने दिनांक 02 अगस्त 2026 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि ट्रेलर क्रमांक CG 12 BK 3140 का इंजन बजरंग मोटर के अंदर तथा उसका ट्रेलर डाला/ट्रीप बजरंग मोटर उर्दना बैरियर से सीएमओ तिराहा के बीच सड़क किनारे खड़ा था। दिनांक 27 जुलाई की शाम करीब 04 बजे डाला वहीं खड़ा किया गया था। अगले दिन 28 जुलाई की सुबह करीब 08 बजे मौके पर पहुंचने पर डाला गायब मिला। अज्ञात आरोपी द्वारा डाला चोरी कर ले जाने की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस टीम को माल-मुल्जिम की पतासाजी के लिए लगाया। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास पूछताछ करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की गई।
300 से अधिक CCTV फुटेज में मिला वारदात का सुराग
विवेचना के दौरान टीआई अमित तिवारी के नेतृत्व में थाना कोतवाली के आरक्षक प्रताप बेहरा एवं उत्तम सारथी ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र में लगे करीब 300 CCTV कैमरों के फुटेज को बारीकी से खंगाला। रात के अंधेरे में वाहन की स्पष्ट पहचान मुश्किल थी, लेकिन पुलिस टीम ने लगातार फुटेज की कड़ियां जोड़ते हुए एक महत्वपूर्ण सुराग तलाश लिया।
फुटेज में चोरी किया गया ट्रेलर डाला, ट्रेलर क्रमांक CG 13 AS 8857 के इंजन से जोड़कर ले जाते हुए दिखाई दिया। खास बात यह थी कि चोरी का डाला लेकर जा रहे ट्रेलर के आगे एक नीले रंग की कार क्रमांक CG 13 BA 7639 पायलेटिंग करते हुए चल रही थी। पुलिस ने दोनों वाहनों के आने-जाने के पूरे रूट को CCTV के माध्यम से ट्रेस किया।
