सरगुजा। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर आबकारी आयुक्त पी.एस.एल्मा ने अवैध शराब निर्माण, संग्रहण एवं बिक्री पर रोक लगाने के सख्त आदेश दिए हैं..उसी आदेश के तारतम्य में आज संभागीय आबकारी उड़नदस्ता संभाग सरगुजा की टीम सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में अंबिकापुर शहर में गश्त कर रही थी।
गश्त के दौरान संकटमोचन मंदिर पटपरिया पहुंचने पर गुखबिर ने सूचना दी कि सामने वाले बाउंड्री वॉल में अर्जुन नामक लड़का महुआ शराब की फैक्ट्री बनाकर रखा है.. अभी भी भारी मात्रा में शराब बनाने के लिए भट्ठियां चढ़ी हुई हैं..यदि आप लोग अभी जाएंगे तो भारी मात्रा में शराब पकड़ा जाएगा।
मुखबीर सूचना की विश्वसनीयता पर तत्काल आबकारी उड़नदस्ता टीम ने अपनी टीम के साथ अर्जुन के किराए के मकान में दबिश दी। जैसे ही अर्जुन के घर की तलाशी ली जाने लगी उड़नदस्ता की टीम हक्की बक्की रह गई। एक कमरे में 8 चढी भट्ठियों में शराब निर्माण का कार्य चल रहा था तथा दूसरे कमरे में 24 प्लास्टिक के डब्बों में महुआ लाहन भरकर रखा गया था। सभी भट्ठियों में से शराब निकाल कर माप करने पर कुल 70 लीटर महुआ शराब जब्त किया गया तथा 24 प्लास्टिक के डिब्बों में 480 kg महुआ लाहन बरामद कर मौके पर पंचनामा बनाकर नष्ट कर दिया गया। शराब बनाने के सभी उपकरणों एवं बर्तन को भी जब्त कर लिया गया। आरोपी अर्जुन कुजुर को आबकारी अधिनियम की धारा 34 (1)(क)(च),34(2) 59(क) के तहत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय से रिमांड प्राप्त कर जेल दाखिल की कार्रवाई चल रही है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि पन्द्रह अगस्त के पूर्व संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम की महुआ शराब पर यह बहुत बड़ी कार्रवाई है और आगे भी अवैध शराब निर्माताओं पर कार्यवाही चलती रहेगी।
उक्त कार्यवाही सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के द्वारा की गई। साथ में आबकारी उपनिरीक्षक टी आर केहरी मुख्य आरक्षक अशोक सोनी नगर सैनिक रणविजय सिंह रोहित सोनी एवं आबकारी स्टाफ नीरज चौहान की महत्वपूर्ण रही।
