खेत में मिर्च तोड़ने गया था दंपती, पीछे से घर का ताला तोड़कर 1 लाख रुपये का सामान पार

Picture of kakajee

kakajee

बरमकेला। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला थाना क्षेत्र के ग्राम पड़कीडीपा में अज्ञात चोर ने सूने मकान का ताला तोड़कर नगदी, सोने-चांदी के जेवर, मोबाइल और जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम पड़कीडीपा निवासी थबिरो खूंटे (57) खेती-किसानी का काम करते हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि 2 अक्टूबर को सुबह करीब 7 बजे वह अपनी पत्नी चंपा खूंटे के साथ ग्राम करनपाली स्थित मिर्च के खेत में मिर्च तोड़ने के लिए गए थे। इसी दौरान उनका घर सूना था।
शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच उनका भतीजा रतन खूंटे उन्हें बुलाने खेत पहुंचा और बताया कि घर का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही दंपती वापस घर पहुंचे। वहां मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर रखे चद्दर के बक्से की जांच करने पर उसमें रखा सामान गायब मिला।
शिकायत के मुताबिक, अज्ञात चोर बक्से में रखे 60 हजार रुपये नगद, करीब 12 ग्राम सोने का पुराना हार (कीमत करीब 25 हजार रुपये), 30 तोला चांदी की पुरानी पायल (कीमत करीब 15 हजार रुपये), सैमसंग कंपनी का पुराना मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, चेक और अन्य जरूरी दस्तावेज चोरी कर ले गया।
पीड़ित ने बताया कि घटना वाले दिन साधन उपलब्ध नहीं होने और रात में आंखों से ठीक से दिखाई नहीं देने के कारण वह तत्काल थाने नहीं पहुंच सका। इसके बाद 3 अक्टूबर की सुबह बरमकेला थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ और अज्ञात चोर की तलाश में जुटी है।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें