शहीद वीर नारायण सिंह शासकीय महाविद्यालय जोबी-बर्रा में गांधी जयंती पर विशेष स्वच्छता अभियान व विचार गोष्ठी संपन्न

Picture of kakajee

kakajee

शहीद वीर नारायण सिंह शासकीय महाविद्यालय जोबी-बर्रा में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर विशेष स्वच्छता अभियान तथा विचार गोष्ठी का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों और प्राध्यापकों ने परिसर में श्रमदान कर स्वच्छता का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मां सरस्वती, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ

समारोह में रासेयो प्रभारी श्री सुरेंद्र पाल दर्शन ने महात्मा गांधी के मूल सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सत्य और अहिंसा केवल विचार नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक उत्कृष्ट पद्धति हैं। आज के दौर में भी गांधीजी के यह आदर्श उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हमें जीवन की हर चुनौती का सामना सत्यनिष्ठा, धैर्य और अहिंसक दृष्टिकोण के साथ करना चाहिए।

सहायक प्राध्यापक श्री वासुदेव प्रसाद पटेल ने राष्ट्रीय आंदोलन में महात्मा गांधी की ऐतिहासिक भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि बापू ने जन-जन को जोड़कर स्वतंत्रता संग्राम को एक विशाल जनांदोलन का रूप दिया। उनके सत्याग्रह और नैतिक बल के आगे ब्रिटिश सत्ता को भी झुकना पड़ा।

समारोह को संबोधित करते हुए जांगड़े सर ने स्वच्छता पर व्यावहारिक दृष्टिकोण साझा करते हुए कहा कि हम अक्सर कचरे को अपने घर या कमरे से बाहर निकालकर रास्ते या खुले में फेंक देते हैं, जिससे पूरा परिवेश दूषित होता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कचरे का प्रबंधन उचित स्थान (कूड़ेदान) पर होना चाहिए, न कि उसे बाहर बिखेरा जाए। स्वच्छता केवल अपनी चौखट तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि पूरे समाज को स्वच्छ रखने का दायित्व हम सबका है।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की छात्रा हर्षा ने महात्मा गांधी के विचारों और उनके जीवन दर्शन पर प्रभावी भाषण प्रस्तुत किया। पूरे कार्यक्रम का मंच संचालन रासेयो के स्वयंसेवक गोलू राठिया द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।

विचार गोष्ठी के पश्चात एनएसएस प्रभारी श्री सुरेंद्र पाल दर्शन के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में महाविद्यालय परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वयंसेवकों ने प्रशासनिक भवन, उद्यान, कक्षाओं और खेल परिसर की सफाई करते हुए प्लास्टिक अपशिष्ट का सुरक्षित निपटान किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन में अपनाने और समाज को जागरूक करने की शपथ ली।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें