महासमुंद। पिथौरा के पुराने नेशनल हाईवे पर बीती रात दो ट्रकों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने दोनों ट्रकों को अपनी चपेट में ले लिया और दोनों वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो गए। हादसे के दौरान एक ट्रक के चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई।
बताया जा रहा है कि पुराने नेशनल हाईवे किनारे एक ट्रक में चावल भरा हुआ था। चावल खराब होने के कारण ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पिथौरा से सरायपाली की ओर जा रहा राशन से भरा ट्रक वहां पहुंचा। चावल से लदे ट्रक के पास पहुंचते ही दूसरे ट्रक में अचानक आग भड़क उठी।
आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में दोनों ट्रक धू-धूकर जलने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। इसके बाद महासमुंद, सरायपाली और बागबाहरा से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पिथौरा पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


