रायगढ़। रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गुडूबहाल में एक पालतू कुत्ते को कुल्हाड़ी से मारकर मौत के घाट उतारने का मामला सामने आया है। मामले में कुत्ते के मालिक की शिकायत पर लैलूंगा पुलिस ने आरोपी परमानंद लकड़ा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 325 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुडूबहाल निवासी रिझन लकड़ा, जो जनपद पंचायत लैलूंगा में सहायक आंतरिक लेखा परीक्षण एवं वृक्षारोपण अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं, का पालतू कुत्ता 6 अक्टूबर की शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच घर से बाहर निकला था। इसके बाद कुत्ता वापस नहीं लौटा।
रिझन लकड़ा ने 7 अक्टूबर की सुबह कुत्ते की खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसी दौरान ड्यूटी के लिए लैलूंगा जाने के बाद उन्हें मोबाइल के जरिए सूचना मिली कि गांव के ही परमानंद लकड़ा ने कथित तौर पर कुत्ते को कुल्हाड़ी से मार दिया है।
सूचना मिलने के बाद रिझन लकड़ा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि मृत कुत्ते को एक बोरी में भरकर गांव के बस्ती चौराहे के पास रखा गया था। शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि घटना के दौरान मौके पर कुछ ग्रामीणों के मौजूद होने की जानकारी भी सामने आई है।
मामले को लेकर शिकायतकर्ता ने लैलूंगा थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आवेदन के आधार पर पुलिस ने परमानंद लकड़ा के विरुद्ध बीएनएस की धारा 325 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। अब पुलिस घटना के कारण, मौके की परिस्थितियों और प्रत्यक्षदर्शियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।



