रायगढ़। लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम भवानीपुर की 67 वर्षीय महिला ने अपने पति के अचानक लापता होने की शिकायत पुलिस से की है। महिला के मुताबिक, वह अपने पति मनकसाय के साथ इलाज कराने रायपुर गई थी। वापस लौटते समय रास्ते में पति बोलेरो वाहन से नीचे उतरे और इसके बाद अचानक गायब हो गए। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिलने पर पत्नी ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण किए जाने की आशंका जताई है।
पुलिस को दिए आवेदन के मुताबिक, भवानीपुर निवासी जीतो बाई अपने पति मनकसाय के साथ झगरपुर के एक एजेंट के माध्यम से आयुष्मान कार्ड से इलाज कराने रायपुर स्थित मां पदमनी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस अस्पताल गई थीं। इसके लिए वे गांव से बोलेरो वाहन में रवाना हुए थे।
इलाज कराने के बाद दोनों वापस भवानीपुर लौट रहे थे। इसी दौरान 27 अगस्त 2026 की शाम करीब 7 से 7:30 बजे के बीच रायपुर से सराईपाली के बीच मनकसाय ने बाथरूम जाने की बात कहकर वाहन रुकवाया और बोलेरो से नीचे उतर गए। इसके बाद वे वापस वाहन के पास नहीं लौटे।
परिजनों और रिश्तेदारों ने अपने स्तर पर आसपास तथा संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन मनकसाय का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। लंबे समय तक सुराग नहीं मिलने के बाद पत्नी जीतो बाई ने लैलूंगा थाने पहुंचकर गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराने और पति की तलाश कराने की मांग की है।
महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में यह भी बताया है कि इलाज के लिए उन्हें रायपुर ले जाने वाले एजेंट का मोबाइल नंबर उसके पास है। पत्नी ने आशंका जताई है कि उसके पति को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर या अपहरण कर कहीं ले जाया गया हो सकता है।
अब पुलिस के सामने लापता मनकसाय की तलाश के साथ यह पता लगाने की चुनौती है कि वह वाहन से उतरने के बाद आखिर कहां गए। पुलिस द्वारा आसपास के संभावित स्थानों, संपर्कों और घटनाक्रम की जांच के बाद ही उनके लापता होने की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।



