रायगढ़। जिले में चोरी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। बरगांव निवासी एक पशुपालक के घर में घुसे अज्ञात चोर परिवार के सदस्यों को कमरों में बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर गए और घर के कोठा में बंधी 5 बकरियां और 9 भेड़ियां चोरी कर ले गए। चोरी गए मवेशियों की कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद घर के बाहर पिकअप वाहन के टायर के निशान मिलने से माना जा रहा है कि चोर मवेशियों को वाहन में भरकर ले गए होंगे।
पशुपालक ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह भेड़-बकरी पालन कर परिवार का जीवनयापन करता है। 6 अक्टूबर की शाम वह नरवाखड़ से अपनी 5 बकरियां और 9 भेड़ियों को चराकर घर लाया था। रोज की तरह सभी मवेशियों को घर के कोठा में सुरक्षित रखने के बाद पूरा परिवार खाना खाकर रात करीब 9 बजे सो गया।
सुबह करीब 4 बजे पशुपालक की नींद खुली तो उसने देखा कि उसके कमरे का दरवाजा बाहर से कुंडी लगाकर बंद किया गया था। दरवाजा दो हिस्सों में प्लाई का बना था, जिसे धक्का देकर उसने कुंडी खोली और बाहर निकला। इसके बाद उसने देखा कि घर के तीनों कमरों में, जहां उसका बेटा-बहू और छोटा बेटा देव सारथी सो रहे थे, उन कमरों में भी आंगन की तरफ से बाहर से कुंडी चढ़ा दी गई थी।
इसके बाद जब उसने कोठा में जाकर देखा तो वहां बंधी 5 बकरियां और 9 भेड़ियां गायब थीं। आसपास तलाश करने पर भी मवेशियों का कोई पता नहीं चला। घर के बाहर जमीन पर छोटा हाथी पिकअप वाहन के टायर के निशान भी मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात चोरों ने पहले पूरे परिवार को कमरों में बाहर से बंद किया और फिर कोठा से मवेशियों को निकालकर पिकअप वाहन में लादकर फरार हो गए।
पीड़ित पशुपालक ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई और चोरी गए मवेशियों की बरामदगी की मांग की है। पुलिस अब आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों और पिकअप वाहन के संभावित रूट की जांच कर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर सकती है।



