शासकीय लोचन प्रसाद पांडेय महाविद्यालय सारंगढ़ में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग जिला प्रशासन द्वाराआयोजित युवा उड़ान कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं के सपनों को साकार करने में उनकी सोच, संकल्प, अनुशासन और निरंतर मेहनत की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में श्री पांडेय ने आज के डिजिटल युग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार मोबाइल पर हमारी रुचि के अनुसार सामग्री सामने आती है, उसी प्रकार जब हम अपने जीवन में किसी लक्ष्य के प्रति गंभीर होते हैं, तो उससे जुड़े अवसरों को पहचानने, जानकारी जुटाने और समाधान खोजने की हमारी क्षमता भी विकसित होने लगती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल सोचने से सफलता नहीं मिलती, बल्कि सही दिशा में योजना बनाकर निरंतर कार्य करना आवश्यक है।
उन्होंने डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू और डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि कठिन परिस्थितियाँ किसी व्यक्ति की संभावनाओं का अंतिम निर्धारण नहीं करतीं। शिक्षा, दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से व्यक्ति अपने जीवन में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कर सकता है।
श्री पांडेय ने युवाओं से मोबाइल और आधुनिक तकनीक का उपयोग केवल मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसरों को समझने के लिए करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के लिए तकनीकी ज्ञान, नवाचार, स्वरोजगार और व्यावहारिक कौशल का विशेष महत्व है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने सपनों को लक्ष्य में बदलें, लक्ष्य को योजना से जोड़ें और योजना को प्रतिदिन के प्रयासों के माध्यम से साकार करें।
उन्होंने प्रेरक संदेश देते हुए कहा, “मोबाइल का एल्गोरिदम आपकी पसंद के अनुसार सामग्री दिखाता है, लेकिन आपके जीवन की दिशा आपका लक्ष्य, आपकी सोच और आपके कर्म तय करते हैं। सोचिए बड़ा, सीखिए निरंतर और अपने सपनों को पूरा करने के लिए ईमानदारी से प्रयास कीजिए।”
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया



