पिंडदान करने शिक्षक के सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी, 50 हजार नकद समेत सोने-चांदी के जेवर पार

Picture of kakajee

kakajee

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के सरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बोदा में एक शिक्षक के सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे अज्ञात चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़ दिया और नकदी समेत सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है। घटना के समय शिक्षक अपने परिवार के साथ पितृ पिंडदान करने अपने गृहग्राम गए हुए थे।
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश निवासी देवेंद्र सिंह राजपूत पिछले करीब 12 वर्षों से प्राथमिक शाला पंचधार में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। पहले वह ग्राम बोदा में आकाश निषाद के घर किराये पर रहते थे। बाद में उन्होंने गांव के डिपापारा में जमीन लेकर अपना मकान बना लिया और वहीं रहने लगे। परिचय होने के कारण आकाश निषाद का उनके घर आना-जाना था।
बताया गया कि करीब आठ दिन पहले देवेंद्र सिंह राजपूत अपने परिवार के साथ पितृ पिंडदान के लिए अपने गृहग्राम गए थे। इसी दौरान 6 अक्टूबर 2026 को उन्होंने आकाश निषाद को फोन कर अपने घर में चोरी होने की जानकारी दी और मौके पर जाकर देखने को कहा।

टूटा मिला दरवाजे का ताला, बिखरा पड़ा था सामान
शिक्षक की सूचना पर आकाश निषाद गांव के सरपंच गोवर्धन निषाद, उपसरपंच अर्जुन रात्रे और मोहल्ले के अन्य लोगों के साथ करीब दोपहर 3 बजे उनके घर पहुंचे। वहां मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर कमरे में रखी अलमारी का लॉक भी टूटा था और कपड़े, चूड़ियां सहित अन्य सामान बिखरा पड़ा था।
इसके बाद आकाश निषाद ने फोन पर शिक्षक को घर की स्थिति की जानकारी दी। शिक्षक ने बताया कि अलमारी में रखे 50 हजार रुपये नकद, सोने के कान के टॉप्स, सोने की नाक की फुल्ली और चांदी की एक जोड़ी पायल गायब हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई गई है।

सरिया थाने में मामला दर्ज
घटना के संबंध में आकाश निषाद ने सरिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(3) और 305(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, शिक्षक और उनके परिवार के वापस लौटने के बाद चोरी गए सामान के संबंध में विस्तृत जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें