रायगढ़ । जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में एक महिला अपने मासूम बेटे के साथ अचानक लापता हो गई है। महिला के पति ने पत्नी और बेटे की काफी तलाश की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। मोबाइल फोन भी बंद आने के कारण पति ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण किए जाने की आशंका जताई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सिसरिंटगा निवासी राजू टोप्पो (32 वर्ष) ड्राइवरी का काम करते हैं। उनकी शादी करीब छह साल पहले हुई थी। दोनों का एक बेटा है। राजू टोप्पो की शिकायत के मुताबिक, 5 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे उनकी पत्नी शशिकिरण टोप्पो बेटे ऐशु को साथ लेकर घर से बिना बताए कहीं चली गई। इसके बाद उन्होंने अपने रिश्तेदारों, गांव और आसपास के क्षेत्रों में दोनों की तलाश की, लेकिन पत्नी और बेटे का पता नहीं चल सका।
मोबाइल बंद, पति ने जताई अपहरण की आशंका
शिकायतकर्ता के अनुसार, पत्नी के मोबाइल नंबर घटना के दिन से ही बंद आ रहे हैं। काफी खोजबीन के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर उन्होंने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी पत्नी का अपहरण कर लिया होगा। उन्होंने फिरौती या किसी अन्य अपराध की नीयत से अपहरण किए जाने की आशंका भी व्यक्त की है।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
राजू टोप्पो की रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है। पुलिस महिला और बच्चे की तलाश के साथ घटना के सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल महिला और उसके बेटे के लापता होने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।


